ग्वालियर/मुरैना। मुरैना-श्योपुर क्षेत्र के लोगों के लिए आज बड़ी सौगात मिलने जा रही है। केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया 18 अगस्त को दोपहर 2 बजे कैलारस-बीरपुर पैसेंजर ट्रेन (64635/64636) का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे।ब्रॉड गेज पर शुरू होने वाली इस रेल सेवा से कैलारस, बीरपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को सुगम, सुविधाजनक और किफायती आवागमन की सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही मुरैना-श्योपुर क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी को भी मजबूती मिलेगी।

2024 में कैलारस तक शुरू हुई थी यात्री रेल सेवा
गौरतलब है कि 6 अक्टूबर 2024 को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्वालियर से कैलारस तक प्रथम चरण की यात्री रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था। सिंधिया ने स्वयं ट्रेन में यात्रा भी की थी। अब इस सेवा का बीरपुर तक विस्तार होने से क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होने जा रही है।

यात्रियों को मिलेगा सीधा फायदा
कैलारस-बीरपुर पैसेंजर ट्रेन के संचालन से विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों, किसानों और रोजाना आवागमन करने वाले यात्रियों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। किफायती रेल परिवहन उपलब्ध होने से लोगों को सड़क मार्ग पर निर्भरता कम करने का विकल्प मिलेगा।

व्यापार और रोजगार को भी मिलेगी गति
ब्रॉड गेज रेल सेवा शुरू होने से क्षेत्र की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। इससे व्यापार, रोजगार और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है। भविष्य में ग्वालियर-श्योपुर रेल कनेक्टिविटी के माध्यम से इटावा और दिल्ली तक बेहतर रेल संपर्क विकसित होने की दिशा में भी इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

सिंधिया ने रेल मंत्री के समक्ष रखा था मामला
कैलारस-बीरपुर रेल सेवा की मांग को लेकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष क्षेत्रवासियों की मांग प्रमुखता से रखी थी। रेल मंत्रालय की कार्रवाई के बाद अब इस सेवा को शुरू किया जा रहा है।18 अगस्त को शुभारंभ के साथ कैलारस-बीरपुर रेल सेवा क्षेत्रवासियों को समर्पित होगी। इससे क्षेत्र में आवागमन और रेल कनेक्टिविटी को नई गति मिलने की उम्मीद है।