ग्रीन फील्ड हाईवे की खुदाई में निकले 1913 के चांदी के सिक्के, बटोरने की मची होड़

मुरैना। ग्रीन फील्ड हाईवे निर्माण के लिए चल रही खुदाई के दौरान जमीन से ब्रिटिश शासनकाल के चांदी के पुराने सिक्के निकलने का मामला सामने आया है। ग्राम डोंगरपुर लोधा के पास सोमवार शाम करीब 5 बजे खुदाई के दौरान सिक्के मिलने की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और मजदूरों में सिक्के बटोरने की होड़ मच गई। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।बताया जा रहा है कि JCB से मिट्टी की खुदाई के दौरान अचानक जमीन से पुराने सिक्के दिखाई दिए। सिक्के मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें उठाना शुरू कर दिया। वायरल वीडियो में कुछ ग्रामीण फावड़ों से मिट्टी खोदकर सिक्के तलाशते हुए भी नजर आ रहे हैं। वहीं, एक JCB संचालक को भी खुदाई के दौरान सिक्के मिलने की बात सामने आई है।

वीडियो वायरल होने के बाद मंगलवार को प्रशासन को मिली जानकारी

सिक्के मिलने की घटना का वीडियो सामने आने के बाद मंगलवार को प्रशासन को इसकी जानकारी हुई। सूचना मिलते ही प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी। पुलिस को मौके से मिले सिक्कों को बरामद कर सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।हालांकि, पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां कोई मौजूद नहीं मिला। ऐसे में अब प्रशासन और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि खुदाई के दौरान कुल कितने सिक्के निकले और उन्हें कौन-कौन अपने साथ ले गया।

सिक्कों पर जॉर्ज पंचम और वर्ष 1913 अंकित

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मिले सिक्के ब्रिटिश शासनकाल के हैं। सिक्कों पर “GEORGE V KING EMPEROR” और वर्ष 1913 अंकित है। वहीं सिक्के पर “ONE RUPEE INDIA” भी लिखा हुआ है। जिला पुरातत्व अधिकारी अशोक शर्मा के अनुसार, बरामद सिक्के का वजन करीब 11.6 ग्राम है और इसमें लगभग 91 प्रतिशत चांदी होने की जानकारी सामने आई है। सिक्के की बनावट और उस पर दर्ज विवरण से इसके ऐतिहासिक होने की पुष्टि होती है।

कितने सिक्के मिले, इसकी जानकारी जुटा रहा प्रशासन

पुरातत्व विभाग के जिला अधिकारी अशोक शर्मा ने बताया कि ग्रामीणों को कुल कितने सिक्के मिले हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। इस संबंध में थाना माता बसैया पुलिस से भी जानकारी ली जा रही है।प्रशासन अब यह भी पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि सिक्के जमीन में कितनी गहराई पर मिले और जिस स्थान से ये निकले वहां और कितने सिक्के मौजूद हो सकते हैं।

पुलिस को सिक्के कलेक्ट करने के निर्देश

एडीएम अश्वनी रावत ने बताया कि ग्रीन फील्ड हाईवे के निर्माण के दौरान खुदाई में पुराने चांदी के सिक्के मिलने की जानकारी सामने आई है। पुलिस को पूरे मामले की जांच कर सिक्कों को कलेक्ट करने के निर्देश दिए गए हैं। जांच पूरी होने के बाद बरामद सिक्कों को पुरातत्व विभाग के सुपुर्द किया जाएगा। फिलहाल प्रशासन के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि खुदाई के दौरान कुल कितने चांदी के सिक्के निकले थे और उनमें से कितने लोगों के हाथ लगे। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही सिक्कों की वास्तविक संख्या और पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

error: Content is protected !!