किन्नर के घर डकैती का दस हजारी इनामी बदमाश गिरफ्तार, 7.60 लाख का माल बरामद

अंबाह। करीब 8 महीने पहले किन्नर के घर हुई डकैती के मामले में अंबाह पुलिस ने 10 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी सतेंद्र निषाद को ग्राम महलन का पुरा से कथियाना नदी घाट की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते से पकड़ा। आरोपी की निशानदेही पर करीब 6 लाख रुपए कीमत के सोने-चांदी के आभूषण सहित कुल करीब 7.60 लाख रुपए का मशरूका बरामद किया गया है।

बंदूक की नोक पर हुई थी डकैती

घटना 18 जनवरी 2026 की रात करीब 1:45 बजे की है। फरियादिया राबिया किन्नर ने अंबाह थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह राधिका किन्नर, रिया किन्नर और श्री किन्नर के साथ घर के अलग-अलग कमरों में सो रही थीं। इसी दौरान 8-9 बदमाश घर में घुस आए और बंदूक की नोक पर डकैती की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 24/2026 दर्ज कर जांच शुरू की थी। मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई थीं।

8 महीने से फरार था आरोपी

एसपी धर्मराज मीना के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सतेंद्र निषाद (30), पुत्र सुंदर सिंह निषाद, निवासी शमशाबाद, जिला आगरा (उत्तर प्रदेश) करीब 8 महीने से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित था

कट्टा, कारतूस और जेवर बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे और निशानदेही से करीब 4 तोला सोने के आभूषण, 500 ग्राम चांदी के आभूषण, अपाचे बाइक, 315 बोर का अवैध देशी कट्टा, 3 जिंदा कारतूस और 2 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 7.60 लाख रुपए बताई गई है।

राजस्थान, यूपी और एमपी में दर्ज हैं 16 मामले

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक सतेंद्र निषाद के खिलाफ मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में लूट, डकैती, हत्या के प्रयास, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट सहित करीब 16 आपराधिक मामले दर्ज बताए गए हैं। आरोपी अलग-अलग थानों की गुंडा लिस्ट में भी दर्ज रहा है। उसके खिलाफ शमशाबाद, फतेहाबाद, आगरा, फिरोजाबाद, झांसी, ललितपुर और हमीरपुर सहित कई स्थानों पर प्रकरण दर्ज बताए गए हैं।

6 आरोपी पहले हो चुके हैं गिरफ्तार

इस डकैती की वारदात में शामिल 6 आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अब सतेंद्र निषाद की गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

error: Content is protected !!