मुरैना के 2 रक्तवीरों का अयोध्या में सम्मान, राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चयन

मुरैना। जिले में जरूरतमंद मरीजों के लिए निःशुल्क रक्त सेवा के क्षेत्र में लगातार सक्रिय रक्तसेवकों को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिलने जा रहा है। चंबल संभाग से रक्तदान महादान समिति के दो रक्तसेवक देवेंद्र प्रताप शिवहरे और दीपक शर्मा का राष्ट्रीय रक्तदाता सम्मान के लिए चयन हुआ है। दोनों रक्तसेवक आगामी 11 से 13 सितंबर 2026 तक उत्तर प्रदेश के अयोध्या धाम में आयोजित होने वाले रक्तवीरों के राष्ट्रीय महाकुंभ एवं राष्ट्रीय रक्तदाता सम्मान समारोह में चंबल संभाग का प्रतिनिधित्व करेंगे।जानकारी के अनुसार, इस राष्ट्रीय आयोजन के लिए देशभर से करीब 172 सर्वश्रेष्ठ रक्तसेवकों का चयन किया गया है। मध्यप्रदेश से 7 रक्तसेवकों का चयन हुआ है, जिनमें मुरैना के देवेंद्र प्रताप शिवहरे और दीपक शर्मा शामिल हैं।

निःशुल्क ब्लड कॉल सेंटर से जुड़े हैं दोनों रक्तसेवक

चयनित दोनों रक्तसेवक रक्तदान महादान समिति द्वारा संचालित निःशुल्क ब्लड कॉल सेंटर से जुड़े हैं। समिति के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क एवं निःस्वार्थ रक्त उपलब्ध कराने के लिए लगातार सेवाएं दी जाती हैं। समिति के अनुसार, मुरैना में चलाए गए ‘365 दिन 365 एकल रक्तदान शिविर’ अभियान ने भी राष्ट्रीय स्तर पर चयनकर्ताओं का ध्यान आकर्षित किया है।

देवेंद्र शिवहरे को पहले भी मिल चुका है राष्ट्रीय सम्मान

रक्तसेवक देवेंद्र प्रताप शिवहरे को उनकी रक्तसेवा के लिए इससे पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर चार बार सम्मानित किया जा चुका है। वहीं, रक्तदान महादान समिति के निःशुल्क ब्लड कॉल सेंटर को पूर्व में लगातार नौ बार राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान मिल चुका है। इस बार समिति का नाम भी दसवीं बार सम्मान की सूची में शामिल किया गया है। आयोजकों के अनुसार, राष्ट्रीय रक्तदाता सम्मान समारोह का आयोजन भारत सरकार की अनुशंसा से प्रतिवर्ष देश के अलग-अलग स्थानों पर किया जाता रहा है। वर्ष 2026 में यह आयोजन अयोध्या धाम में निर्धारित किया गया है।

दोनों चयनित रक्तसेवक 11 सितंबर को ग्वालियर से अयोध्या के लिए रवाना होंगे और 12 व 13 सितंबर को आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर सम्मान प्राप्त करेंगे। इसके बाद 14 सितंबर को ग्वालियर लौटेंगे। दोनों के चयन की जानकारी मिलने के बाद उनके शुभचिंतकों, मित्रों और रक्तदाताओं ने उन्हें राष्ट्रीय सम्मान के लिए अग्रिम बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

Leave a Reply

error: Content is protected !!