मुरैना। जिले में कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के मार्गदर्शन में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 का शुभारंभ किया गया। अभियान की शुरुआत कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़, सीईओ जिला पंचायत कमलेश कुमार भार्गव और जिला कार्यक्रम अधिकारी ओपी पाण्डेय ने संयुक्त रूप से की।
राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्रों पर किया जाएगा। यह अभियान 8 अक्टूबर 2026 तक शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में चलेगा। इस वर्ष पोषण माह की थीम “हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी” रखी गई है।
पोषण और स्वास्थ्य को लेकर होंगे जागरूकता कार्यक्रम
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास ओपी पाण्डेय ने बताया कि अभियान के दौरान जिले की आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और मैदानी अमले द्वारा विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें प्रभात फेरी, पोषण रैली, शपथ ग्रहण और सामुदायिक बैठकें प्रमुख हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से माताओं, गर्भवती महिलाओं और आमजन को सही पोषण, स्वच्छता तथा स्वस्थ जीवनशैली से संबंधित जानकारी दी जाएगी।

पांच प्रमुख बिंदुओं पर रहेगा फोकस
पोषण अभियान को अंतर-विभागीय जन-आंदोलन का रूप देने के लिए स्वास्थ्य, आयुष, शिक्षा, पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास, खाद्य सुरक्षा और स्थानीय निकायों का सहयोग लिया जा रहा है।अभियान के दौरान मुख्य रूप से पांच बिंदुओं पर ध्यान दिया जाएगा—
आहार विविधता एवं प्रोटीन युक्त पोषण, आंगनवाड़ी केंद्रों पर ताजा गर्म पका हुआ भोजन, सामुदायिक भागीदारी, प्रारंभिक बाल्यावस्था की देखभाल, शिक्षा एवं विकास, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के माध्यम से सुरक्षित मातृत्व.

बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान
अभियान के तहत मातृ एवं शिशु पोषण को बेहतर बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से स्तनपान, समय पर पूरक आहार और गर्भवती एवं धात्री माताओं की स्वास्थ्य व पोषण जांच को बढ़ावा दिया जाएगा। 0 से 3 वर्ष तक के बच्चों के शुरुआती 1,000 दिनों की देखभाल और लालन-पालन को लेकर माताओं को विशेष परामर्श दिया जाएगा। वहीं 3 से 6 वर्ष के बच्चों के लिए खेल आधारित शिक्षा के माध्यम से सीखने की क्षमता विकसित करने और विद्यालय जाने की तैयारी पर जोर दिया जाएगा। इसके साथ ही बच्चों में मोबाइल और टीवी के अत्यधिक स्क्रीन टाइम को कम करने तथा खेलकूद और सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए भी जागरूकता कार्यक्रम होंगे।
आंगनवाड़ी केंद्रों पर होगी पोषण स्तर की निगरानी
पूरे अभियान के दौरान आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों के वजन और लंबाई की नियमित माप कर उनके पोषण स्तर की निगरानी की जाएगी। इसके अलावा एनीमिया की रोकथाम, पोषण वाटिका निर्माण और पौष्टिक स्थानीय व्यंजनों की प्रदर्शनी जैसी गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने मुरैना जिले के नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, स्वयंसेवी संस्थाओं और माताओं से पोषण माह में सक्रिय सहभागिता की अपील की है। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से कुपोषण मुक्त मुरैना के संकल्प को साकार किया जा सकता है।
कार्यक्रम में सहायक संचालक शालीन शर्मा, सीडीपीओ गौरव दुबे, सुपरवाइजर मधु रजक, मधुबाला गोयल, सुषमा शर्मा, अन्तरा फाउंडेशन के डिस्ट्रिक्ट लीड नवनीत श्रीवास्तव, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रदीप, स्मृति शाक्य, शुभम अग्निहोत्री, आदित्य सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।