मुरैना में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, 34 आरोपी गिरफ्तार, 433 लीटर शराब जब्त

मुरैना। पुलिस अधीक्षक मुरैना धर्मराज मीना के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों और शराब की तस्करी, निर्माण एवं बिक्री के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 10 और 11 सितंबर 2026 को विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 34 प्रकरण दर्ज कर 34 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार कार्रवाई के दौरान कुल 433 लीटर अवैध शराब जब्त की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 45 हजार 920 रुपये है। जब्त शराब में 409 लीटर देशी और 24 लीटर विदेशी शराब शामिल है। इसमें अमानक एवं कच्ची शराब भी शामिल बताई गई है।

20 थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई

अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई सिविल लाइन, स्टेशन रोड, सरायछौला, दिमनी, माताबसैया, सिहोनियां, पोरसा, महुआ, नगरा, बामौर, नूराबाद, रिठौरा, जौरा, बागचीनी, देवगढ़, कैलारस, पहाड़गढ़, चिन्नौनी, निरार और रामपुर थाना क्षेत्रों में की गई। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत अलग-अलग आपराधिक प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।

10 आदतन अपराधियों पर भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

अवैध शराब के कारोबार में पूर्व से लिप्त आदतन अपराधियों के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई की। 10 और 11 सितंबर को 10 आदतन अपराधियों के विरुद्ध धारा 126, 135(3) बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई, ताकि अवैध गतिविधियों की पुनरावृत्ति पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। पुलिस द्वारा अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री में शामिल संभावित लोगों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। प्रमुख मार्गों, संवेदनशील क्षेत्रों और अवैध शराब की संभावना वाले स्थानों पर लगातार चेकिंग एवं पेट्रोलिंग की जा रही है।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ लगातार वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस ने आमजन से की अपील

मुरैना पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब का निर्माण, बिक्री, भंडारण या परिवहन किए जाने की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी और प्राप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

error: Content is protected !!