चीनी की कालाबाजारी रोकने प्रशासन की निगरानी, जौरा में दुकानों और गोदामों की जांच

मुरैना। जिले में चीनी के स्टॉक नियंत्रण को लेकर प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देश पर शुक्रवार को जौरा में राजस्व एवं खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों और उनके गोदामों का निरीक्षण किया। यह कार्रवाई अनुविभागीय अधिकारी जौरा शुभम शर्मा के नेतृत्व में की गई। संयुक्त दल ने गिर्राज ट्रेडर्स जौरा एवं मां कैला देवी एंड संस के प्रतिष्ठानों और गोदामों में पहुंचकर उपलब्ध चीनी के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया।

निर्धारित सीमा के भीतर मिला चीनी का स्टॉक

निरीक्षण के दौरान दोनों व्यापारिक प्रतिष्ठानों में उपलब्ध चीनी का स्टॉक शासन द्वारा निर्धारित सीमा के अंतर्गत पाया गया। अधिकारियों ने स्टॉक की मौके पर जांच कर उपलब्ध मात्रा का सत्यापन किया। जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित दोनों फर्मों द्वारा शासन के निर्धारित पोर्टल पर चीनी के स्टॉक की जानकारी नियमित रूप से अपडेट की जा रही है।

व्यापारियों को नियमों के पालन के निर्देश

संयुक्त टीम ने व्यापारियों को शासन द्वारा निर्धारित चीनी की स्टॉक सीमा एवं संबंधित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पोर्टल पर स्टॉक की जानकारी नियमित रूप से अपडेट करने के लिए भी कहा गया। प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य चीनी के स्टॉक की निगरानी बनाए रखना और शासन द्वारा निर्धारित स्टॉक सीमा एवं नियमों का प्रभावी ढंग से पालन सुनिश्चित करना है।

Leave a Reply

error: Content is protected !!