मुरैना। जिले में खण्डा-पत्थर के अवैध परिवहन के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में सिविल लाइन थाना पुलिस ने नेशनल हाईवे पर कार्रवाई करते हुए खण्डा-पत्थर से भरी 4 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ा है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान दो ट्रैक्टर चालक मौके से भागने में सफल रहे।
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन पुलिस ने खण्डा-पत्थर के अवैध परिवहन की सूचना पर नेशनल हाईवे स्थित छौंदा टोल नाके के पास नाकाबंदी कर पॉइंट लगाया था। पुलिस टीम द्वारा हाईवे से गुजरने वाले खण्डा-पत्थर से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोकने का प्रयास किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि पुलिस को नाकाबंदी करते देख कुछ ट्रैक्टर चालकों में हड़कंप मच गया। चालक ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोकने के बजाय तेज रफ्तार से छौंदा गांव की ओर भगाने लगे। इसके बाद पुलिस टीम ने उनका पीछा शुरू कर दिया।

गांव के आगे पुलिस ने की घेराबंदी
ट्रैक्टरों के गांव की ओर भागने की सूचना के बाद पुलिस ने आगे घेराबंदी कर दी। पुलिस की टीम ने पीछा करते हुए खण्डा-पत्थर से भरी 4 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़ लिया। हालांकि, कार्रवाई के दौरान दो ट्रैक्टर चालक मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए।पुलिस द्वारा पकड़े गए ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को थाने लाकर उनके दस्तावेजों की जांच की जा रही है। साथ ही खण्डा-पत्थर कहां से लाया गया था और इसे कहां ले जाया जा रहा था, इस संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान सिंह यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई। नेशनल हाईवे पर नाकाबंदी से लेकर छौंदा गांव तक पुलिस द्वारा की गई घेराबंदी के बाद चार ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के पकड़े जाने से खण्डा-पत्थर के अवैध परिवहन से जुड़े लोगों में हड़कंप की स्थिति है।
पुलिस अब पकड़े गए वाहनों के दस्तावेजों, खण्डा-पत्थर के परिवहन से संबंधित अनुमति और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।