वनखंडी रोड फायरिंग मामले में आरोपी गिरफ्तार, 315 बोर का कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद

मुरैना। वनखंडी रोड स्थित अरेला मेडिकल के सामने पुरानी रंजिश को लेकर फायरिंग करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का कट्टा और एक जिंदा राउंड बरामद किया है। मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


पुलिस के अनुसार फरियादी अभिषेक सिकरवार पुत्र रवि सिकरवार ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 23 सितंबर 2026 की रात करीब 11:30 बजे वह अपने दोस्त निखिल तिवारी और गुल्लू सिकरवार के साथ वनखंडी रोड, अरेला मेडिकल के सामने गोपालपुरा में खड़ा था। इसी दौरान भानू भदौरिया, अपने साथी अल्ला उर्फ आदित्य तिवारी, शनि धुरैया और छिल्का उर्फ राहुल रजक के साथ दो मोटरसाइकिलों से वहां पहुंचा।
आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। गाली देने से मना करने पर आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना में प्रयुक्त अवैध हथियार की बरामदगी के लिए टीम गठित कर थाना प्रभारी कोतवाली को निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डाबर के निर्देशन और नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चन्दौरिया के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया।
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर मामले में वांछित आरोपी शनि पुत्र धर्मवीर धुरैया, निवासी वनखंडी रोड, गोपालपुरा, मुरैना को घटना के करीब 48 घंटे के भीतर जिम चौराहे से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त 315 बोर का कट्टा और एक जिंदा राउंड बरामद किया गया। हथियार बरामद होने के बाद प्रकरण में धारा 25 और 27 आर्म्स एक्ट का इजाफा किया गया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक मामले में वांछित अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।

error: Content is protected !!