₹5 हजार की इनामी आरोपी साक्षी गिरफ्तार, 6 माह से चल रही थी फरार

मुरैना। गंभीर अपराधों में फरार और वांछित आरोपियों की धरपकड़ के लिए मुरैना पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने करीब छह माह से फरार चल रही ₹5 हजार की इनामी आरोपी महिला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान साक्षी मुदगल, निवासी विजयपुर, जिला श्योपुर के रूप में हुई है।

पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देशन में जिले में गंभीर अपराधों में वांछित आरोपियों, इनामी बदमाशों और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन तथा नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चन्दौरिया के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस को आरोपी की तलाश में लगाया गया था।

26 सितंबर 2026 को कोतवाली पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि करीब छह माह से फरार चल रही ₹5 हजार की इनामी आरोपी साक्षी गिरवाई मोड़, ग्वालियर के आसपास मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मौके से आरोपी साक्षी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे जेल दाखिल किया गया। पुलिस के अनुसार इस प्रकरण में वांछित तीन अन्य आरोपियों को पूर्व में ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस द्वारा फरार एवं वांछित आरोपियों की तलाश में अभियान लगातार जारी है।

error: Content is protected !!