स्कॉर्पियो में मिला युवक का शव, इलाके में हड़कंप; गैंगवार समेत कई एंगल पर जांच

मुरैना। बागचीनी थाना क्षेत्र में बुधवार तड़के उस समय हड़कंप मच गया, जब हड़बांसी गांव की पुलिया के पास नहर में एक स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन की तलाशी ली तो उसके अंदर एक युवक मृत अवस्था में मिला। मृतक की पहचान करीब 40 वर्षीय धारा पचौरी पुत्र रामनिवास शर्मा, निवासी सांटा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मृतक का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है और वह विवादित प्रॉपर्टी की खरीद-फरोख्त से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी जुटाने के साथ अलग-अलग थानों में दर्ज मामलों की भी पड़ताल कर रही है।

नहर में किन परिस्थितियों में गिरी स्कॉर्पियो?

घटना की सूचना मिलते ही बागचीनी पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन से शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि स्कॉर्पियो नहर में किन परिस्थितियों में गिरी और हादसे के समय धारा पचौरी कहां से आ रहा था। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया शरीर पर आई चोटों के कारण मौत होने की आशंका है। हालांकि मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

गैंगवार की आशंका को भी जांच में शामिल किया

मृतक के आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए पुलिस हादसे के साथ-साथ अन्य संभावित पहलुओं की भी जांच कर रही है। इनमें गैंगवार की आशंका भी शामिल है। हालांकि अभी तक पुलिस को हत्या या गैंगवार की पुष्टि करने वाला कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला है।

एसडीओपी ने क्या कहा?

जौरा एसडीओपी एनआरएस बघेल ने बताया कि बुधवार सुबह हड़बांसी नहर की पुलिया के पास नहर में एक स्कॉर्पियो दुर्घटनाग्रस्त हालत में मिली थी। वाहन के अंदर एक युवक मृत मिला, जिसकी पहचान धारा पचौरी के रूप में हुई है। प्रथम दृष्टया चोट लगने से मौत होना प्रतीत हो रहा है। वाहन नहर में किस वजह से गिरा और मृतक कहां से आ रहा था, इसकी जांच की जा रही है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

error: Content is protected !!