मुरैना पॉलीटेक्निक कॉलेज में ‘इंडस्ट्रियल एक्सपोजर’ पर विशेष व्याख्यान, विद्यार्थियों को उद्योगों की कार्यप्रणाली की मिली जानकारी

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में कौशल विकास, इंटर्नशिप और स्टार्टअप पर दिया जोर; CIPET ग्वालियर से हुआ एमओयू भी आएगा काम

मुरैना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय मुरैना में ‘इंडस्ट्रियल एक्सपोजर’ विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को औद्योगिक क्षेत्र की कार्यप्रणाली, आधुनिक तकनीक, मशीनों, उत्पादन प्रक्रियाओं और रोजगारपरक कौशल से परिचित कराना था।

कार्यक्रम में सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ पेट्रोकेमिकल्स इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (CIPET), कौशल विकास एवं तकनीकी सहायता केंद्र ग्वालियर के निदेशक डॉ. वी. किरण कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ पुरुषोत्तम ओझा, एस. सरवनन और रामनिवास मेहता भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य मनोज कुमार सक्सेना ने की।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के पूजन और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। मुख्य कार्यक्रम नोडल अधिकारी एवं वरिष्ठ व्याख्याता दिलीप गांगिल ने कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को ‘विकसित भारत-2047’ के राष्ट्रीय संकल्प से जोड़ने और उन्हें आधुनिक औद्योगिक कार्यप्रणालियों, नवाचार तथा आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है।

किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव जरूरी

मुख्य अतिथि डॉ. वी. किरण कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी और वैश्विक दौर में केवल किताबी ज्ञान पर्याप्त नहीं है। विद्यार्थियों को उद्योगों की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप तकनीकी कौशल और व्यावहारिक अनुभव हासिल करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा सरकारी योजनाओं के माध्यम से उपलब्ध वित्तीय एवं तकनीकी सहायता का लाभ लेकर स्वयं का स्टार्टअप और उद्योग स्थापित करने की दिशा में भी आगे बढ़ सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नौकरी तलाशने तक सीमित न रहने, बल्कि उद्यमी बनकर रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही नवीन तकनीकों को सीखने, कौशल विकास पर ध्यान देने और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करने का आह्वान किया। CIPET ग्वालियर के प्रतिनिधियों पुरुषोत्तम ओझा और एस. सरवनन ने औद्योगिक प्रशिक्षण, इंटर्नशिप तथा तकनीकी संस्थानों और उद्योगों के बीच समन्वय के महत्व की जानकारी दी।

CIPET के साथ एमओयू से विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ

महाविद्यालय के प्राचार्य मनोज कुमार सक्सेना ने बताया कि शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय मुरैना और CIPET ग्वालियर के बीच समझौता ज्ञापन (एमओयू) संपादित हुआ है। इसके तहत विद्यार्थियों को कौशल उन्नयन, औद्योगिक भ्रमण और इंटर्नशिप के अवसर मिल सकेंगे। इसके अलावा CIPET की विभिन्न प्रयोगशालाओं और परीक्षण सुविधाओं के माध्यम से व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उन्हें उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने के लिए लगातार प्रयासरत है।

कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को अपने ज्ञान और कौशल का निरंतर विकास करने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम नोडल अधिकारी कपिल राजे सहित महाविद्यालय के शिक्षक, अतिथि शिक्षक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्य मनोज कुमार सक्सेना ने मुख्य अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट किए। मंच संचालन एवं आभार प्रदर्शन मुख्य कार्यक्रम नोडल अधिकारी दिलीप गांगिल ने किया।

Leave a Reply

error: Content is protected !!