कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी पर SP को ज्ञापन, 24 घंटे में जवाब देने की मांग

मुरैना में कांग्रेस कार्यालय और कार्यकर्ताओं के घरों से उठाए जाने का आरोप, कार्रवाई की निष्पक्ष जांच की मांग

मुरैना। दिल्ली में विरोध प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे मुरैना जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कथित गिरफ्तारी को लेकर कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन से जवाब मांगा है। जिला पिछड़ा वर्ग कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राठौर के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक के नाम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई का कानूनी आधार स्पष्ट करने और 24 घंटे के भीतर लिखित जवाब देने की मांग की है।

ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि मुरैना में कांग्रेस कार्यालय, कार्यकर्ताओं के निजी निवासों और रास्ते से कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा उठाए जाने की सूचना मिली है। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की है कि संबंधित कार्यकर्ताओं को किस कानूनी प्रावधान के तहत गिरफ्तार या हिरासत में लिया गया है, उन्हें वर्तमान में कहां रखा गया है, उनके विरुद्ध क्या आरोप हैं और कार्रवाई किस अधिकारी के आदेश पर की गई है, इसकी स्पष्ट जानकारी दी जाए।

परिजनों को सूचना देने और कानूनी सहायता की मांग

कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं के परिजनों को नियमानुसार सूचना देने, अधिवक्ता से परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराने तथा गिरफ्तारी से संबंधित संवैधानिक और कानूनी प्रक्रियाओं के पालन की स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। साथ ही, मुरैना में की गई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच कर अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की मांग भी उठाई गई है।

जिला पिछड़ा वर्ग कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राठौर ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध और राजनीतिक असहमति का संवैधानिक महत्व है। किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कार्रवाई कानून के दायरे में होनी चाहिए और संबंधित व्यक्ति को अपनी हिरासत के कारणों तथा कानूनी स्थिति की जानकारी मिलनी चाहिए। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से 24 घंटे के भीतर लिखित जवाब देने की मांग की है। निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने पर संवैधानिक एवं कानूनी उपाय अपनाने के साथ लोकतांत्रिक तरीके से इस मुद्दे को उठाने की बात कही गई है।

ये कांग्रेस नेता रहे मौजूद

ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में जिला अध्यक्ष राजेश राठौर के साथ पिछड़ा वर्ग कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष हिसाबीलाल प्रजापति, जिला महासचिव निरंजन राठौर, जिला मीडिया प्रभारी अजय प्रजापति तथा अनुसूचित जाति कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष शैलेंद्र खरे शामिल रहे।

Leave a Reply

error: Content is protected !!