मुरैना/ जौरा कस्बे में बैंक से पैसे निकालकर घर लौट रहे एक किसान के बैग से 1 लाख रुपये चोरी हो गए। घटना तिकोनिया पार्क के पास की है। किसान के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों ने दो संदेही महिलाओं को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। फिलहाल पुलिस दोनों महिलाओं से पूछताछ कर रही है।जानकारी के अनुसार किसान अवधेश बुधवार दोपहर जौरा स्थित सेंट्रल बैंक से 1 लाख रुपये निकालकर अपने बैग में रखकर घर जा रहा था। जब वह तिकोनिया पार्क के पास पहुंचा, तभी किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसका बैग काटकर उसमें रखी नकदी पार कर दी।कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद किसान की नजर बैग पर पड़ी तो उसे चोरी का पता चला। उसने तुरंत शोर मचाया, जिससे मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने आसपास मौजूद दो अजनबी महिलाओं को संदेह के आधार पर पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।किसान का आरोप है कि दोनों महिलाओं ने ही उसके बैग से रुपये चोरी किए हैं। हालांकि पुलिस को अभी तक महिलाओं के पास से चोरी गई राशि बरामद नहीं हुई है।थाना प्रभारी पंकज यादव ने बताया कि किसान के बैग से 1 लाख रुपये चोरी होने की सूचना मिली है। लोगों द्वारा पकड़ी गई दो महिलाओं से थाने में पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।