मुरैना। कैलारस थाना क्षेत्र के नेपरी गांव में साले की शादी में शामिल होने आए एक युवक का शव सोमवार सुबह शासकीय यात्री प्रतीक्षालय में फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और सड़क जाम करने का प्रयास किया। पुलिस ने मामला शांत कराते हुए मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार खनेता निवासी संतीश रजक (29) अपनी पत्नी के साथ करीब आठ दिन पहले ससुराल नेपरी गांव आया था। यहां उसके साले राहुल रजक की शादी का कार्यक्रम चल रहा था। रविवार-सोमवार की रात घर में भोजन और शादी की रस्मों के दौरान संतीश अपने साले के साथ बैठकर शराब पी रहा था। देर रात तक वह परिजनों के बीच मौजूद था, लेकिन बाद में अचानक गायब हो गया। सोमवार सुबह गांव के बाहर स्थित शासकीय यात्री प्रतीक्षालय में उसका शव फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलते ही कैलारस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की, लेकिन परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया।
हत्या कर शव लटकाने का आरोप
मृतक के बड़े भाई रामदास रजक ने आरोप लगाया कि संतीश के ससुर बारेलाल रजक देर रात तक उसे शराब उपलब्ध कराते रहे। उनका कहना है कि अत्यधिक नशे की हालत में संतीश को तीन युवक अपने साथ ले गए थे। रामदास के अनुसार रात करीब डेढ़ बजे तक उसने अपने भाई को देखा था, इसके बाद वह दिखाई नहीं दिया।परिजनों का आरोप है कि तीनों युवकों ने संतीश की मारपीट कर हत्या कर दी और बाद में मामले को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को फंदे से लटका दिया। परिजन आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग कर रहे हैं।
सड़क जाम की कोशिश, पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना से आक्रोशित परिजनों ने हाईवे पर जाम लगाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस अधिकारियों ने समझाइश देकर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।फिलहाल कैलारस थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।