शादी की तैयारियों के बीच घर पर फायरिंग, तीन आरोपी गिरफ्तार, अवैध हथियार बरामद

मुरैना शहर में शादी समारोह की तैयारियों के दौरान घर पर फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले तीन आरोपियों को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध 315 बोर के देशी कट्टे और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है, जबकि मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।पुलिस के अनुसार फरियादी बीरबल सिंह पुत्र परिमाल सिंह हर्षाना ने थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19 जून 2026 की रात करीब 3 बजे वह अपने घर के बाहर शादी समारोह की तैयारियों में व्यस्त थे। इसी दौरान पांच अज्ञात युवक वहां पहुंचे और उन पर अवैध हथियारों से फायरिंग कर दी। फरियादी ने खुद को बचा लिया, लेकिन एक गोली घर के शटर में जा लगी। इसके बाद अन्य आरोपियों ने भी फायरिंग की और जाते-जाते जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों की पहचान के आधार पर तीन आरोपियों की पहचान श्याम शर्मा, जीतू शर्मा और विशाल शर्मा के रूप में हुई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।थाना प्रभारी अमित भदौरिया के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल के आसपास जांच कर मुखबिर तंत्र सक्रिय किया। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने जीतू शर्मा (22) निवासी गुधेनिया थोक अम्बाह तथा विशाल शर्मा (22) निवासी चिरपुरा रोड अम्बाह को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से दो 315 बोर के देशी कट्टे और जिंदा कारतूस बरामद किए गए।इससे पहले पुलिस ने मामले के एक अन्य आरोपी श्याम शर्मा (20) निवासी गांधी कॉलोनी, मुरैना को भी गिरफ्तार किया था, जिसके कब्जे से एक देशी कट्टा और जिंदा कारतूस जब्त किया गया था।पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

error: Content is protected !!