मुरैना। अम्बाह थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। किशनपुरा रोड स्थित बम्बा के पास तेज रफ्तार सफारी कार ने सड़क किनारे खड़े तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल तीनों युवकों ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने कार को जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, पलना गांव निवासी कुम्हेर सिंह परमार और रामहेत छारी बाइक से कहीं जा रहे थे। रास्ते में किशनपुरा रोड पर बम्बा के पास उन्हें गांव का ही पुष्पेंद्र राजावत मिल गया। पुष्पेंद्र को देखकर कुम्हेर सिंह ने बाइक सड़क किनारे रोक ली और तीनों आपस में बातचीत करने लगे।इसी दौरान काले रंग की एक सफारी कार का चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाते हुए वहां पहुंचा और सड़क किनारे खड़े तीनों युवकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही अम्बाह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एम्बुलेंस की सहायता से अम्बाह अस्पताल भिजवाया। हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।जिला अस्पताल में उपचार के दौरान कुम्हेर सिंह परमार, रामहेत छारी और पुष्पेंद्र राजावत की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में मातम छा गया। खबर लिखे जाने तक जिला अस्पताल में शवों का पोस्टमार्टम किया जा रहा था।पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त सफारी कार को जब्त कर लिया है तथा फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।