मुरैना/ कैलारस थाना क्षेत्र के नेपरी गांव के पास नेशनल हाईवे-552 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार यात्री बस ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई।जानकारी के अनुसार, सबलगढ़ से आ रही चंबल बस सर्विस की बस क्रमांक MP 06 P 1766 ने नेपरी गांव की पुलिया के पास बाइक क्रमांक RJ 59 SB 5482 को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार संजय पुत्र प्रकाश जाटव (19) निवासी ग्राम भुरावली, कैलारस गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 और कैलारस पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने युवक को कैलारस अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद बस चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

कैलारस थाना प्रभारी सतेंद्र सिंह कुशवाहा ने बताया कि बस द्वारा बाइक को टक्कर मारने से युवक की मृत्यु हुई है। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है तथा मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। फरार बस चालक की तलाश की जा रही है। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक की लहर है।