मुरैना। शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक सहभागिता का एक प्रेरणादायक उदाहरण पेश करते हुए रोटरी क्लब चम्बल मुरैना ने शासकीय मिडिल स्कूल क्रमांक-6 का कायाकल्प कर उसे “हैप्पी स्कूल” के रूप में विकसित किया है।
शुक्रवार, 26 जून को आयोजित गरिमामय समारोह में रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3053 के डीजीएन रोटेरियन प्रदीप पाराशर ने विद्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के अधिकारियों, रोटरी पदाधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, पत्रकारों एवं स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही।

उद्घाटन समारोह में जिला शिक्षा समन्वयक हरीश तिवारी, डिस्ट्रिक्ट सेक्रेट्री आनंद गुप्ता, डिस्ट्रिक्ट सेक्रेट्री धीरेन्द्र सिंह चौहान एवं सह प्रांतपाल आकाश चांदिल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने विद्यालय का निरीक्षण कर रोटरी क्लब द्वारा किए गए विकास कार्यों की सराहना की और इसे समाज एवं शिक्षा के क्षेत्र में अनुकरणीय पहल बताया। रोटरी क्लब चम्बल ने पिछले दो माह से लगातार विद्यालय के नवीनीकरण और जीर्णोद्धार का कार्य कराया। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग आधुनिक शौचालय एवं वॉशरूम बनाए गए, पूरे विद्यालय के क्षतिग्रस्त फर्श पर नई टाइल्स लगाई गईं, भवन का रंग-रोगन कराया गया, बाहरी दीवारों पर प्लास्टर कराया गया तथा कक्षाओं और दीवारों पर प्रेरणादायक संदेश, शैक्षणिक चित्र एवं आकर्षक पेंटिंग्स बनाई गईं। इन कार्यों से विद्यालय का वातावरण पूरी तरह बदल गया है और बच्चों को अब बेहतर एवं प्रेरणादायक माहौल में पढ़ाई करने का अवसर मिलेगा।जिला शिक्षा विभाग ने रोटरी क्लब चम्बल मुरैना को इस विद्यालय को “हैप्पी स्कूल” के रूप में विकसित करने के लिए विधिवत गोद दिया था। निर्माण एवं नवीनीकरण कार्य पूर्ण होने के बाद उद्घाटन समारोह में विद्यालय को पुनः स्कूल प्रबंधन को विद्यार्थियों की पढ़ाई और संचालन के लिए सौंप दिया गया।

रोटरी क्लब चम्बल का इस विद्यालय से जुड़ाव नया नहीं है। क्लब पूर्व में भी स्वतंत्रता दिवस, हैंड वॉश डे सहित कई जागरूकता एवं प्रेरक कार्यक्रम आयोजित करता रहा है। इसके अलावा विद्यालय में बच्चों और शिक्षकों के लिए ठंडे पेयजल की व्यवस्था हेतु वाटर कूलर एवं पानी की टंकी स्थापित की गई, गर्मी से राहत के लिए एयर कूलर उपलब्ध कराया गया तथा विद्यार्थियों के बैठने के लिए टेबल-बेंच भी भेंट की गई थीं। क्लब ने भविष्य में भी विद्यालय और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर सहयोग देने का संकल्प दोहराया। रोटरी क्लब चम्बल की इस महत्वाकांक्षी सेवा परियोजना को रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3053 की डिस्ट्रिक्ट ग्रांट के माध्यम से आर्थिक सहयोग प्राप्त हुआ, जिससे “हैप्पी स्कूल” का सपना साकार हो सका। कार्यक्रम में रोटरी क्लब मिड टाउन ग्वालियर से रविन्द्र राजपूत एवं अरविंद राजावत विशेष रूप से उपस्थित रहे। वहीं रोटरी क्लब चम्बल के अध्यक्ष अभय परमार, सचिव नीरज बांदिल, कोषाध्यक्ष अनूप सिंघल, लकी बंसल, करतार राजपूत, मयंक श्रीवास्तव, तिजेन्द्र खेड़ा, कमल गोयल, सोनू गोयल, तारा शिवहरे, गिर्राज अर्गल, गिर्राज शर्मा, राहुल जैन, रोहित शिवहरे, गोविंद चांदिल, प्रिंस गोयल, राहुल बंसल, अमन, शुभराज, अशोक शिवहरे, अमरीश सिंघल, प्रमोद उपाध्याय, शैलेश मित्तल सहित बड़ी संख्या में रोटेरियन, पत्रकार एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

रोटरी क्लब चम्बल की यह पहल सामाजिक सहभागिता और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जिससे आने वाले वर्षों में सैकड़ों विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण का लाभ मिलेगा।