ABVP ने गर्ल्स कॉलेज में शुरू की हेल्प डेस्क, प्रवेश लेने वाली छात्राओं को मिलेगी हर संभव सहायता

मुरैना। नवीन शैक्षणिक सत्र के प्रवेश शुरू होते ही अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) मुरैना ने गर्ल्स कॉलेज परिसर में छात्राओं की सुविधा के लिए विशेष हेल्प डेस्क शुरू की है। इस पहल का उद्देश्य प्रवेश प्रक्रिया के दौरान छात्राओं को सही जानकारी उपलब्ध कराना, उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना और प्रवेश प्रक्रिया को सरल एवं सुगम बनाना है।

परिषद के कार्यकर्ता कॉलेज परिसर में उपस्थित रहकर प्रवेश लेने आने वाली छात्राओं को ऑनलाइन आवेदन, दस्तावेजों के सत्यापन, विषय चयन, फॉर्म भरने तथा अन्य आवश्यक औपचारिकताओं से जुड़ी जानकारी प्रदान कर रहे हैं। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाली छात्राओं को प्रवेश प्रक्रिया समझने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए हेल्प डेस्क पर लगातार सहयोग दिया जा रहा है। नगर सहमंत्री हर्षिता शर्मा ने बताया कि परिषद का प्रयास है कि कॉलेज में आने वाली कोई भी छात्रा जानकारी के अभाव में परेशान न हो। हेल्प डेस्क पर कार्यकर्ता हर छात्रा की समस्या सुनकर उसका तत्काल समाधान कराने का प्रयास कर रहे हैं। कॉलेज मंत्री सरिता कुशवाहा ने बताया कि हेल्प डेस्क के माध्यम से विद्यार्थियों के आवेदन पत्रों की री-चेकिंग, सही काउंटर तक मार्गदर्शन, आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी तथा कॉलेज के नियमों और व्यवस्थाओं से भी छात्राओं को अवगत कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रवेश प्रक्रिया पूरी होने तक परिषद की यह सेवा निरंतर जारी रहेगी।

error: Content is protected !!