मुरैना। जिले के थाना माता बसैया क्षेत्र के किशनपुर गांव में शनिवार देर रात एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जिसने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। गांव निवासी बलराम सिंह कुशवाहा (35) पुत्र हरिचरण कुशवाहा ने कथित रूप से पहले अपनी पत्नी और दो मासूम बेटों की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। इसके बाद वह गांव के पास स्थित शिकारपुर रेलवे फाटक पहुंचा और ट्रेन के नीचे आकर आत्महत्या कर ली। प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलराम सिंह कुशवाहा ने देर रात घर में सो रही अपनी पत्नी रविता कुशवाहा (32) पर कुल्हाड़ी से हमला किया। पत्नी की हत्या करने के बाद उसने अपने दोनों बेटों आरव (8) और देबू (5) पर भी हमला कर उनकी जान ले ली।

एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पत्नी और दोनों बच्चों की हत्या के बाद आरोपी बलराम सिंह कुशवाहा घर से निकलकर शिकारपुर रेलवे फाटक पहुंचा, जहां उसने ट्रेन के सामने आकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

घटना की सूचना मिलते ही थाना माता बसैया पुलिस, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल मुरैना भेज दिया।

मुख्यालय डीएसपी विजय भदौरिया ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। एफएसएल टीम मौके से साक्ष्य जुटा रही है तथा परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है और जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।इस दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से किशनपुर गांव में शोक का माहौल है।