मुरैना। थाना सिविल लाइन पुलिस ने घर में हुई चोरी की वारदात का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया करीब 45 हजार रुपये कीमत का सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 01 जून 2026 को फरियादी विद्याराम शर्मा पिता प्यारेलाल शर्मा ने थाना सिविल लाइन में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 30 मई 2026 की रात खाना खाने के बाद वह सो गए थे। गर्मी के कारण उन्होंने घर का दरवाजा आधा खुला छोड़ दिया था। रात करीब 1 बजे पानी पीने के लिए उठने पर उन्होंने देखा कि कमरे का सामान बिखरा पड़ा है और कमरे में रखा बॉक्स गायब है।
चोरी हुए बॉक्स में तीन प्लॉटों की रजिस्ट्री, बैंक की एफडीआर, सेना की पेंशन संबंधी दस्तावेज, नगदी तथा एक मोबाइल फोन रखा हुआ था, जिसे अज्ञात चोर चोरी कर ले गए। फरियादी की शिकायत पर थाना सिविल लाइन में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान थाना प्रभारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
विवेचना के दौरान 26 जून 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर स्थित शिकारपुर रोड की खाली प्लॉटिंग में दबिश देकर दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात करना स्वीकार कर लिया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने 7 रजिस्ट्रियां, 8 बैंक पासबुक, 3 चेकबुक, ₹1,000 नगद तथा रेडमी कंपनी का एक मोबाइल फोन बरामद किया। बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब ₹45 हजार आंकी गई है।
पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
