हिल स्टेशन कुकरू पहुंचे सीएम डॉ. मोहन यादव, महिलाओं से संवाद कर पर्यटन विकास का किया ऐलान

भोपाल/बैतूल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार को दो दिवसीय प्रवास पर बैतूल जिले के प्रसिद्ध हिल स्टेशन कुकरू पहुंचे। यहां उन्होंने कृष्णा आजीविका स्व-सहायता समूह की महिलाओं से मुलाकात कर उनके आजीविका कार्यों का अवलोकन किया। मुख्यमंत्री ने समूह द्वारा तैयार किए गए मावा और रबड़ी का स्वाद लिया तथा महिलाओं के आत्मनिर्भरता के प्रयासों की सराहना की।महिलाओं ने मुख्यमंत्री को बताया कि समूह को विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता मिली है, जिससे मावा बनाने की स्वचालित मशीन खरीदी गई। इससे समूह की मासिक आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

समूह की सदस्य पशुपालन, दुग्ध उत्पादन, मावा, रबड़ी, श्रीखंड निर्माण और कृषि कार्यों के माध्यम से प्रति माह 15 से 18 हजार रुपये तक की आय अर्जित कर रही हैं।मुख्यमंत्री ने कहा कि स्व-सहायता समूह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रहे हैं। प्रदेश सरकार महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयासरत है।इसके बाद मुख्यमंत्री ने कुकरू स्थित सिपना सनसेट पॉइंट का भ्रमण कर प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया। उन्होंने कहा कि कुकरू में पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं हैं और इसे प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में विकसित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और प्राकृतिक धरोहरों के संरक्षण के लिए आवश्यक निर्देश भी दिए।मुख्यमंत्री ने कहा कि कुकरू का विकास न केवल पर्यटकों को आकर्षित करेगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी पैदा करेगा।

error: Content is protected !!