मुरैना। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर जिले में आर्म्स एक्ट के मामलों पर प्रभावी कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अम्बाह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चार अवैध 315 बोर के देशी कट्टे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन एवं एसडीओपी अम्बाह रवि भदौरिया के मार्गदर्शन में थाना अम्बाह पुलिस ने 28 जून 2026 को मुखबिर से मिली सूचना पर कार्रवाई की। सूचना थी कि थाना क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर कुछ युवक हथियार लेकर वारदात की फिराक में घूम रहे हैं।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में सत्यम तोमर (19) निवासी चिन्ते का पुरा, रोहित शर्मा (19) निवासी रौरिया पुरा, विष्णू सिकरवार (19) निवासी चिन्ते का पुरा तथा सत्यम तोमर (22) निवासी बड़े पुरा शामिल हैं।
तलाशी के दौरान प्रत्येक आरोपी के पास से एक-एक अवैध 315 बोर का देशी कट्टा और एक-एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने कुल 4 देशी कट्टे और 4 जिंदा कारतूस, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 25 हजार रुपये है, जब्त किए। आरोपियों से हथियारों के वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
थाना अम्बाह में आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धारा 25 एवं 27 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।