मुरैना।सरायछौला थाना पुलिस ने कट्टे की नोक पर पिकअप वाहन लूटने की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 4 लाख रुपये कीमत की लूटी गई पिकअप और घटना में प्रयुक्त 60 हजार रुपये कीमत की मोटरसाइकिल जब्त की है। मामले में एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।पुलिस के अनुसार, धौलपुर निवासी मुकेश पुत्र अशोक कुमार जोशी ने 18 जून को सरायछौला थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह पिकअप वाहन (RJ11GB5328) चलाता है। 16 जून को मनियां की तेरह पुलिया के पास तीन युवक उसके पास आए और गांव में सामान पहुंचाने के बहाने पिकअप में बैठ गए। लीलाधर का पुरा के पास पहुंचते ही आरोपियों ने कट्टा दिखाकर चालक को नीचे उतार दिया और उसका मोबाइल फोन तथा पिकअप लूटकर फरार हो गए।शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश के बाद 28 जून को पुलिस ने रिठौरा खुर्द के बीहड़ से सीताराम गुर्जर (38) और सोनू गुर्जर (20) को गिरफ्तार कर लिया।पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई पिकअप और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। पुलिस ने बताया कि मामले में फरार तीसरे आरोपी की तलाश जारी है और उसे भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों में से एक के खिलाफ पहले से भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।