रेत माफियाओं की घेराबंदी, चंबल घाटों तक जाने वाले रास्तों पर खोदे गहरे गड्ढे

मुरैना जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए मुरैना पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत सोमवार को सबलगढ़ क्षेत्र में अवैध रेत माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई।


अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र पाल सिंह डावर के निर्देशन एवं प्रभारी एसडीओपी सबलगढ़ उमेश मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना सबलगढ़ पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने पलारी एवं बनवारा घाट की ओर जाने वाले प्रमुख कच्चे और वैकल्पिक मार्गों का निरीक्षण किया। इसके बाद जेसीबी मशीन की सहायता से इन मार्गों पर गहरे गड्ढे खुदवाकर उन्हें पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया गया।
पुलिस का कहना है कि इन रास्तों का उपयोग अवैध रेत परिवहन में संलिप्त ट्रैक्टर-ट्रॉली, डंपर और अन्य भारी वाहन करते थे। मार्ग बंद होने से अब ऐसे वाहनों की आवाजाही पर प्रभावी रोक लग सकेगी

इस कार्रवाई का उद्देश्य चंबल नदी क्षेत्र में अवैध खनन गतिविधियों पर नियंत्रण स्थापित करना, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना तथा शासन को होने वाले राजस्व नुकसान को रोकना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले के संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जा रही है और आवश्यकता पड़ने पर अन्य अवैध मार्गों की भी पहचान कर इसी प्रकार की कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!