मुरैना। अवैध शराब की तस्करी और बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मुरैना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना सिविल लाइन पुलिस ने अवैध रूप से संचालित किए जा रहे शराब के आहते पर छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान 62 क्वार्टर देशी शराब और आहते में इस्तेमाल होने वाला फर्नीचर, कूलर, आइस बॉक्स व अन्य सामग्री सहित करीब 20 हजार रुपये का माल जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार, 30 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गडौरापुरा मोड़ के पास एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब का आहता संचालित कर लोगों को शराब पिला रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 62 क्वार्टर देशी प्लेन और मसाला शराब बरामद हुई। इसके अलावा मौके पर आहते में उपयोग किया जा रहा फर्नीचर, कूलर, आइस बॉक्स और डिस्पोजल सामग्री भी मिली। जब आरोपी से इन सामग्रियों और शराब से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
पुलिस ने मौके से बरामद शराब एवं अन्य सामान जब्त कर आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 287/26 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) एवं 36ए में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।