जमीन बंटवारे के विवाद में सगे भाइयों के बीच चली गोलियां, 3 घायल

मुरैना। जिले के नूराबाद थाना क्षेत्र के दौरावली गांव में जमीन बंटवारे को लेकर दो सगे भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि फायरिंग और जमकर पथराव हो गया। घटना में तीन लोग घायल हुए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने की कार्रवाई कर रही है।जानकारी के अनुसार, दौरावली गांव निवासी दीवान सिंह गुर्जर और निहाल सिंह गुर्जर सगे भाई हैं। दोनों के बीच लंबे समय से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। गुरुवार दोपहर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि निहाल सिंह के बेटों ने रायफल से फायरिंग कर दी, जिससे गांव में दहशत फैल गई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ, जिसमें तीन लोग घायल हो गए।घटना की सूचना मिलते ही नूराबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी।

साढ़े चार बीघा जमीन बनी विवाद की वजह

पुलिस जांच में सामने आया है कि परिवार में कुल पांच भाई हैं—दीवान सिंह, निहाल सिंह, महेश, रामवीर और अंतराम। इनमें दीवान सिंह और निहाल सिंह विवाहित हैं, जबकि तीन भाई अविवाहित हैं। परिवार के पास करीब 12 बीघा जमीन है। बताया जा रहा है कि अविवाहित भाइयों के हिस्से की करीब साढ़े चार बीघा जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

पुलिस का बयान

नूराबाद थाना प्रभारी सौरभ पुरी ने बताया कि जमीन बंटवारे के विवाद में दो सगे भाइयों के बीच फायरिंग और पथराव हुआ है। पथराव में कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरियादी के आवेदन के आधार पर प्रकरण दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!