मुरैना, 2 जुलाई 2026। महिला एवं बाल विकास विभाग ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं आंगनबाड़ी सहायिका के रिक्त मानदेय आधारित (मानसेवी) पदों पर भर्ती के लिए पात्र महिला अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक उम्मीदवार 13 जुलाई 2026 तक एमपी ऑनलाइन के चयन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकती हैं। आवेदन में आवश्यक संशोधन 15 जुलाई 2026 तक किए जा सकेंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।जिले में फिलहाल बाल विकास परियोजना बानमौर के रिठौरा कलां सेक्टर अंतर्गत टोडे का पुरा और बड़बारी आंगनबाड़ी केंद्रों पर सहायिका के रिक्त पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। अन्य रिक्त पदों की जानकारी संबंधित बाल विकास परियोजना कार्यालय एवं एमपी ऑनलाइन के चयन पोर्टल पर उपलब्ध है।विभाग के अनुसार आवेदन के लिए महिला अभ्यर्थी का उसी राजस्व ग्राम या नगरीय वार्ड का निवासी होना अनिवार्य है, जहां संबंधित रिक्त पद स्थित है। अन्य ग्राम या वार्ड की महिला अभ्यर्थी आवेदन के लिए पात्र नहीं होंगी।आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका दोनों पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। साथ ही 1 जनवरी 2025 की स्थिति में अभ्यर्थी की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होना आवश्यक है। आयु प्रमाण के लिए 10वीं की अंकसूची या प्रमाण-पत्र मान्य होगा। आवेदन के दौरान सभी आवश्यक दस्तावेज पीडीएफ प्रारूप में अपलोड करना अनिवार्य रहेगा।महिला एवं बाल विकास विभाग ने पात्र महिला अभ्यर्थियों से निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, चयन प्रक्रिया एवं अन्य विस्तृत जानकारी एमपी ऑनलाइन के चयन पोर्टल और विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है।