
मुरैना। रोटरी क्लब मुरैना रॉयल्स ने रोटरी सत्र 2026-27 का आगाज़ सेवा, सम्मान और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ किया। नव-निर्वाचित अध्यक्ष सौरभ गुलाटी के नेतृत्व में आयोजित पहले कार्यक्रम में वृक्षारोपण, चिकित्सकों व नव-योग्य चार्टर्ड अकाउंटेंट का सम्मान तथा विद्यार्थियों के लिए करियर मार्गदर्शन सत्र आयोजित किया गया।

क्लब सदस्यों ने रोटरी रॉयल्स उपवन में जामुन, मीठा नीम, कटहल, बेलपत्र, अशोक, गुलमोहर और पाम सहित करीब 50 पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. हरिनिर्मल और डॉ. आदित्य पंजाबी को चिकित्सा सेवा में उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे पर नव-योग्य सीए वंशिका सिंघल का अभिनंदन कर उन्हें जिले के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया।

बंसल कोचिंग क्लासेस में सीए की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए करियर मार्गदर्शन सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें ऑनलाइन जुड़े अनुभवी चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ने परीक्षा की तैयारी, समय प्रबंधन, अध्ययन रणनीति और करियर की संभावनाओं पर मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में अध्यक्ष सौरभ गुलाटी और सचिव पवन गर्ग का स्वागत किया गया।

अध्यक्ष ने कहा कि रोटरी का उद्देश्य केवल सेवा कार्य करना नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता, सहभागिता और सकारात्मक परिवर्तन की भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने सभी सदस्यों से वर्षभर सेवा प्रकल्पों में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।कार्यक्रम में महिला सदस्यों सहित क्लब के अनेक सदस्यों ने भाग लिया और नए सत्र की शुरुआत सेवा, सम्मान तथा हरित भविष्य के संकल्प के साथ की।


