मुरैना। मध्यप्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के माध्यम से युवाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। योजना के तहत 18 से 29 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवा ऑनलाइन पंजीयन कर प्रशिक्षण के साथ-साथ प्रतिमाह स्टाइपेंड का लाभ भी प्राप्त कर सकते हैं। योजना के अंतर्गत चयनित युवाओं को विभिन्न औद्योगिक एवं व्यावसायिक संस्थानों में ऑन-द-जॉब ट्रेनिंग (OJT) दी जाती है, जिससे वे व्यावहारिक अनुभव हासिल कर रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें। प्रशिक्षण अवधि के दौरान युवाओं को प्रतिमाह आकर्षक स्टाइपेंड भी प्रदान किया जाता है।जिले में अधिक से अधिक युवाओं तक योजना की जानकारी पहुंचाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। समाचार पत्रों, सोशल मीडिया, बैनर, होर्डिंग्स तथा अन्य प्रचार माध्यमों के जरिए युवाओं को ऑनलाइन पंजीयन के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था (आईटीआई), मुरैना के प्राचार्य ने जिले के 18 से 29 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं से अपील की है कि वे जल्द से जल्द मुख्यमंत्री सीखो-कमाओ योजना के पोर्टल पर पंजीयन कर इस योजना का लाभ उठाएं। योजना से संबंधित पात्रता, आवश्यक दस्तावेज और पंजीयन प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी के लिए शासकीय आईटीआई, मुरैना में कार्यालयीन समय पर संपर्क किया जा सकता है।


