सबलगढ़। नगर पालिका परिषद सबलगढ़ में नगर की मूलभूत सुविधाओं, विकास कार्यों में पारदर्शिता और आरटीआई के तहत मांगी गई जानकारी उपलब्ध कराने की मांग को लेकर पार्षदों का जनहित सत्याग्रह लगातार 57वें दिन भी जारी रहा। इस बीच मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) सौरभ मेडिकल अवकाश पर चले गए हैं। इसे लेकर आंदोलनरत पार्षदों ने आरोप लगाया कि जनता के सवालों और जवाबदेही से बचने के लिए सीएमओ अवकाश पर चले गए। हालांकि, इस संबंध में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पार्षदों का कहना है कि बरसात का मौसम शुरू हो चुका है, लेकिन नगर के कई नाले-नालियों की सफाई और अवरोध हटाने का कार्य अभी तक पूरा नहीं हुआ है, जिससे जलभराव की आशंका बनी हुई है। आंदोलनकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि आरटीआई के माध्यम से मांगी गई जानकारियों को लेकर दबाव बनने के बाद बुधवार रात कुछ भुगतान किए गए और उसके बाद सीएमओ मेडिकल अवकाश पर चले गए। उनकी अनुपस्थिति में अतिआवश्यक कार्यों का प्रभार स्वच्छता निरीक्षक रिंकू डागौर को सौंपा गया है। सत्याग्रह का नेतृत्व कर रहे पार्षद मोहन रामजी लाल पचौरी ने कहा कि जनता के हितों से जुड़े मुद्दों पर उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जब तक नगर की समस्याओं का समाधान, विकास कार्यों में पारदर्शिता और आरटीआई की संपूर्ण जानकारी नहीं मिलती, तब तक जनहित सत्याग्रह समाप्त नहीं होगा। 57वें दिन के सत्याग्रह में पार्षद कैलाश चंद भगत, रचना अशरफ, राकेश शिवहरे सहित समाजसेवी दिलीप, बाबूलाल और अन्य नागरिक भी मौजूद रहे।