अम्बाह में जलभराव और सब्जी मंडी की गंदगी पर कांग्रेस का प्रदर्शन, CMO को सौंपा ज्ञापन, 3 दिन में समाधान नहीं तो आंदोलन

अम्बाह। नगर में लगातार बढ़ रही जलभराव की समस्या और सब्जी मंडी में फैली गंदगी व कीचड़ को लेकर कांग्रेस कमेटी अम्बाह, कांग्रेस पार्षदों एवं स्थानीय नागरिकों ने सोमवार को नगरपालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) शाबिर कौसर को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष उमाचरण कटारे ने कहा कि नगर के अधिकांश वार्डों में नाले-नालियों की नियमित सफाई नहीं होने से जल निकासी व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने बताया कि वार्ड क्रमांक 17 में जलभराव की स्थिति सबसे अधिक गंभीर है। इसके अलावा सब्जी मंडी में गंदगी और कीचड़ के कारण व्यापारियों और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अभी बारिश की शुरुआत हुई है। यदि समय रहते नालों की सफाई और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में हालात और गंभीर हो सकते हैं तथा लोगों के घरों तक पानी पहुंचने की आशंका है। कांग्रेस नेताओं ने नगरपालिका प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों के भीतर जलभराव और गंदगी की समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो कांग्रेस कमेटी अम्बाह जनहित में आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगरपालिका प्रशासन की होगी।

ज्ञापन सौंपने के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश कुमार ‘विकल’, पार्षद जय राजोरिया, पार्षद सुनील सखबार, पार्षद अत्येन्द्र सैनी सहित कांग्रेस कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। वहीं, सीएमओ शाबिर कौसर ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि जलभराव की समस्या के समाधान और सफाई व्यवस्था को लेकर जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!