
Cyber Crime Awareness: मुरैना। पुलिस महानिदेशक मध्यप्रदेश एवं राज्य साइबर मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार चलाए जा रहे 15 दिवसीय विशेष साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” के तहत मंगलवार को मुरैना पुलिस ने साइबर जागरूकता मैराथन का आयोजन किया।

पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने सुबह 7 बजे अटल स्मारक से मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह मैराथन शहर के प्रमुख मार्गों से होकर पंडित रामप्रसाद बिस्मिल संग्रहालय पहुंची।
एसपी धर्मराज मीना ने कहा कि डिजिटल युग में साइबर अपराधी नई-नई तकनीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे अपराधों से बचने का सबसे प्रभावी तरीका जागरूकता और सतर्कता है। उन्होंने लोगों से स्वयं साइबर सुरक्षा के नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने की अपील की।
मैराथन में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों, 5वीं वाहिनी विसबल, खेल एवं कल्याण विभाग, छात्र-छात्राओं, एनसीसी, एनएसएस कैडेट्स, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों सहित 250 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतिभागियों ने हाथों में साइबर सुरक्षा संबंधी संदेशों वाले पेम्फलेट लेकर लोगों को डिजिटल अरेस्ट, फिशिंग, ओटीपी फ्रॉड, यूपीआई फ्रॉड, फर्जी निवेश और सोशल मीडिया हैकिंग जैसी ऑनलाइन ठगी से सावधान रहने का संदेश दिया।
महिला एवं पुरुष वर्ग में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया, जबकि सभी प्रतिभागियों को फल वितरित किए गए।

मुरैना पुलिस ने लोगों से अपील की कि किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें, ओटीपी, पासवर्ड, सीवीवी या बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने साइबर अपराधों के विरुद्ध जागरूकता फैलाने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संकल्प लिया।


