Morena Viral Video: मुरैना। मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक व्यक्ति करीब 5 फीट लंबे पीले-भूरे रंग के सांप को साबुन लगाकर नहलाता हुआ दिखाई दे रहा है। सबसे हैरानी की बात यह है कि पूरे समय सांप शांत नजर आता है और व्यक्ति पर हमला नहीं करता। हालांकि, विशेषज्ञों के अनुसार किसी भी जंगली जीव के साथ इस तरह का व्यवहार बेहद जोखिम भरा हो सकता है। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो सबलगढ़ क्षेत्र का है, हालांकि इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति पानी की टंकी के पास खड़ा होकर सांप को हाथ में पकड़ता है और उसके पूरे शरीर पर साबुन लगाकर सिर से लेकर पूंछ तक साफ करता है। यह दृश्य देखकर ऐसा प्रतीत होता है मानो वह किसी रस्सी को धो रहा हो।वीडियो के दौरान सांप व्यक्ति के हाथों में इधर-उधर घूमता रहता है, लेकिन न तो फुसकारता है और न ही हमला करता दिखाई देता है। इसी वजह से यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। कुछ लोग इसे व्यक्ति की हिम्मत बता रहे हैं, जबकि कई लोग इसे लापरवाही और जानलेवा जोखिम वाला कदम मान रहे हैं।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि वीडियो कब का है और इसमें दिखाई दे रहा सांप किस प्रजाति का है। साथ ही, इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि भी नहीं हो सकी है।
वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी सांप या अन्य जंगली जीव के साथ इस तरह का व्यवहार करना खतरनाक हो सकता है। आम लोगों को ऐसे किसी भी स्टंट की नकल नहीं करनी चाहिए। यदि कहीं सांप दिखाई दे तो उसे पकड़ने या छेड़ने के बजाय वन विभाग या प्रशिक्षित स्नेक रेस्क्यू टीम को सूचना देना ही सुरक्षित विकल्प है।


