दतिया उपचुनाव: आदर्श आचरण संहिता उल्लंघन पर सख्ती, उपद्रव में शामिल 27 लोगों के खिलाफ FIR

Election2026: दतिया विधानसभा उपचुनाव के मद्देनज़र जिले में लागू आदर्श आचरण संहिता के दौरान बीती रात हुए उपद्रव के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए 27 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदर्श आचरण संहिता का उल्लंघन करने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

प्रशासन के अनुसार, मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट प्रभावी रहने के बावजूद कुछ लोगों ने नियमों की अवहेलना करते हुए जमावड़ा किया और पुलिस प्रशासन पर पथराव किया।

इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) सहित कई पुलिसकर्मी घायल हो गए।

बताया गया है कि उपद्रव में शामिल लोगों ने शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया और आदर्श आचरण संहिता के तहत प्रतिबंधित गतिविधियों में भी भाग लिया, जिससे स्थानीय लोगों में भय और असुरक्षा का माहौल बना। जिला प्रशासन ने कहा है कि उपचुनाव के दौरान आदर्श आचरण संहिता का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। किसी भी राजनीतिक दल, कार्यकर्ता या समर्थक द्वारा नियमों की अनदेखी किए जाने पर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने सभी राजनीतिक दलों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से निर्वाचन आयोग के निर्देशों एवं आदर्श आचरण संहिता के प्रावधानों का पालन करने की अपील की है, ताकि उपचुनाव शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराया जा सके।

error: Content is protected !!