मुरैना। जौरा थाना क्षेत्र के पगारा डैम में दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया एक 24 वर्षीय युवक नहाते समय गहरे पानी में डूब गया। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और देर शाम तक रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा।

शनिवार सुबह टीम ने फिर से युवक की तलाश शुरू की है।जानकारी के अनुसार काशीपुर, मुरैना निवासी राहुल इंदौलिया (24) अपने मित्र सचिन सिकरवार, कल्ला तोमर, कान्हा तोमर और ललित राठौर के साथ शुक्रवार दोपहर पगारा डैम पर पिकनिक मनाने गया था। सभी दोस्त डैम के बीच स्थित एक टापूनुमा स्थान पर पहुंचे, जहां उन्होंने समय बिताया।बताया जा रहा है कि इसके बाद राहुल नहाने के लिए डैम में उतरा।

तैरते-तैरते वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया और आसपास मौजूद लोगों से मदद मांगी, लेकिन तब तक राहुल पानी में लापता हो चुका था। घटना की सूचना मिलते ही जौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। टीम ने कई घंटों तक डैम में सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली। अंधेरा होने के कारण रेस्क्यू अभियान रोकना पड़ा।

शनिवार सुबह एसडीआरएफ की टीम ने फिर से डैम में सर्च ऑपरेशन शुरू किया है। खबर लिखे जाने तक राहुल इंदौलिया का कोई पता नहीं चल सका है और उसकी तलाश जारी है।