मुरैना। जिले के माताबसैया थाना क्षेत्र में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पाराशर की पुलिया के पास हुआ, जहां खंडा-पत्थर से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली यात्रियों से भरे ऑटो पर पलट गई।जानकारी के अनुसार, ऑटो में चालक सहित आठ लोग सवार थे और माताबसैया से दर्शन कर अपने गांव विजयपुरा लौट रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ऑटो को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद खंडा-पत्थरों से लदी ट्रॉली अनियंत्रित होकर सीधे ऑटो के ऊपर पलट गई, जिससे उसमें बैठे लोग पत्थरों के नीचे दब गए।घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही माताबसैया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया।डॉक्टरों ने महेंद्र राठौर, मनोरमा राठौर और ऑटो चालक रामकेश कुशवाह (निवासी बानमोर) को मृत घोषित कर दिया। वहीं सूरज राठौर, अंजली राठौर, 2 वर्षीय वंशिका राठौर, 11 वर्षीय गुंजन राठौर सहित पांच घायलों का उपचार जिला अस्पताल में जारी है। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है और उन्हें ग्वालियर रेफर करने की तैयारी की जा रही है

माताबसैया थाना प्रभारी विवेक तोमर ने बताया कि ऑटो सवार दर्शन कर अपने गांव लौट रहे थे। पाराशर की पुलिया के पास ट्रैक्टर की टक्कर से यह हादसा हुआ। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रैक्टर चालक की तलाश और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।