मुरैना। स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के मुड़ियाखेड़ा गांव में मंगलवार को कोर्ट के आदेश पर एक परिवार को मकान से बेदखल किए जाने के बाद हंगामा खड़ा हो गया। कार्रवाई से आक्रोशित परिवार ने घर का पूरा सामान सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी नामक महिला अपने परिवार के साथ लंबे समय से इस मकान में रह रही थीं। परिजनों का दावा है कि उनकी तीन पीढ़ियां इसी घर में रह चुकी हैं और वे करीब 100 वर्षों से यहां निवास कर रहे थे। जमीन को लेकर पड़ोसी परिवार से विवाद कोर्ट पहुंचा, जहां सुनवाई के बाद कोर्ट ने बेदखली के आदेश दिए। मंगलवार को स्टेशन रोड थाना पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और कोर्ट के आदेश का पालन करते हुए मकान खाली कराया। कार्रवाई के दौरान घर का सामान बाहर निकाल दिया गया।

इससे नाराज परिवार ने पलंग, बर्तन, संदूक और अन्य घरेलू सामान सड़क पर रखकर धरना शुरू कर दिया। चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कुछ समय तक यातायात बाधित रहा। पीड़ित महिला लक्ष्मी ने कहा कि उनकी तीन पीढ़ियां इसी घर में रहीं और अब अचानक उन्हें बेघर कर दिया गया। उन्होंने प्रशासन से न्याय दिलाने और रहने की व्यवस्था करने की मांग की।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन मौके पर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटा रहा। मामला कोर्ट के आदेश के पालन से जुड़ा होने के कारण प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की बात कही।