गोवंशों के साथ क्रूरता का आरोप, राष्ट्रीय बजरंग दल ने सौंपा ज्ञापन

मुरैना। जिले के थाना अंबाह क्षेत्र के ग्राम सुनावली में गोवंशों को कथित रूप से क्रूरता के साथ ट्रॉलों में भरकर ले जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में राष्ट्रीय बजरंग दल मुरैना एवं समस्त गो-रक्षकों ने पुलिस अधीक्षक मुरैना को ज्ञापन सौंपकर मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन के अनुसार, ग्राम सुनावली में पिछले कुछ दिनों से कुछ अज्ञात व्यक्ति गोवंशों को पकड़कर ट्रॉलों में भरकर अंबाह नगर एवं अन्य स्थानों पर ले जा रहे हैं। संगठन का आरोप है कि इस दौरान गोवंशों के साथ क्रूरता की जा रही है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि दो दिन पहले गो-सेवकों ने गोवंशों से भरे एक ट्रॉले को पकड़कर डायल-112 को सूचना दी थी। आरोप है कि संबंधित लोगों को समझाइश देकर छोड़ दिया गया, लेकिन बाद में वे फिर गोवंशों को ट्रॉलों में भरकर ले गए। संगठन ने मांग की है कि यह पता लगाया जाए कि गोवंशों को कहां ले जाया जा रहा है और उनके साथ क्या किया जा रहा है।

राष्ट्रीय बजरंग दल मुरैना ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

error: Content is protected !!