मुरैना जिले में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि अब पुलिसकर्मियों के घर भी सुरक्षित नहीं रहे। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के हाँसई गांव में उज्जैन के चिमनगंज थाना में पदस्थ पुलिस कांस्टेबल कालीचरन सोलंकी के सूने घर में अज्ञात बदमाशों ने आधी रात को धावा बोल दिया। चोर घर से सोने-चांदी के जेवर, नकदी और अन्य कीमती सामान सहित लाखों रुपये से अधिक का माल समेटकर फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, घटना के समय घर के अधिकांश सदस्य किसी काम से बाहर गए हुए थे। घर में केवल कांस्टेबल की सास और बहू सामने वाले कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए। उन्होंने सबसे पहले ऊपर वाले कमरे का ताला तोड़ा और फिर लोहे की अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे करीब 15 तोला सोने के जेवर, लगभग 1 किलो चांदी, करीब 2.25 लाख रुपये नकद तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया।

इसके बाद चोर नीचे वाले कमरे के ताले भी तोड़कर फरार हो गए।सुबह करीब 5 बजे जब घर की महिलाओं की नींद खुली तो कमरों के टूटे ताले देखकर चोरी का पता चला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
थाना प्रभारी उदयभान सिंह यादव ने बताया कि हाँसई गांव में चोरी की घटना हुई है। मकान मालिक पुलिस कांस्टेबल हैं और घटना के समय घर के अधिकांश सदस्य बाहर थे। चोरी गए सामान का मूल्यांकन किया जा रहा है। अज्ञात चोरों की तलाश के लिए पुलिस टीम जुटी हुई है।


