बिजली विभाग के अधीक्षण यंत्री शिवराम सैमिल पर लोकायुक्त का बड़ा शिकंजा, आय से अधिक संपत्ति मामले में 5 ठिकानों पर एक साथ रेड

मुरैना। मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी में पदस्थ अधीक्षण यंत्री (SE) शिवराम सैमिल के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति की शिकायत पर लोकायुक्त पुलिस ने मंगलवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। ग्वालियर, इंदौर और मुरैना समेत पांच ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की गई, जिससे बिजली विभाग और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया।

शिवराम सेमिल के मुरैना स्थित घर पर लोकायुक्त की कार्यवाही

जानकारी के अनुसार, ग्वालियर लोकायुक्त के डीएसपी प्रद्युम्न पाराशर के नेतृत्व में टीम सुबह मुरैना पहुंची। यहां जौरा रोड स्थित मैदा फैक्ट्री के पीछे बने शिवराम सैमिल के पैतृक निवास पर ताला लगा मिला। इसके बाद टीम ने उनके रिश्तेदार को बुलाकर ताला खुलवाया और घर की तलाशी शुरू की।

शिवराम सैमिल वर्तमान में मध्य प्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी, इंदौर में अधीक्षण यंत्री के पद पर पदस्थ हैं और मूल रूप से मुरैना के निवासी हैं। लोकायुक्त की अलग-अलग टीमें ग्वालियर, इंदौर और अन्य स्थानों पर उनकी चल-अचल संपत्तियों, बैंक दस्तावेजों, निवेश और अन्य अभिलेखों की जांच कर रही हैं।

खबर लिखे जाने तक लोकायुक्त की कार्रवाई जारी थी। अधिकारियों ने अभी बरामद संपत्ति या दस्तावेजों का आधिकारिक खुलासा नहीं किया है। जांच पूरी होने के बाद ही आय से अधिक संपत्ति का वास्तविक आकलन सामने आएगा।हालांकि, प्रारंभिक स्तर पर जांच में करोड़ों रुपये की आय से अधिक संपत्ति मिलने की संभावना जताई जा रही है। इस संबंध में अंतिम पुष्टि लोकायुक्त की आधिकारिक जांच रिपोर्ट के बाद ही होगी।

error: Content is protected !!