मुरैना में पुलिस की डायल-112 टीम ने अपनी त्वरित कार्रवाई और मानवता का परिचय देते हुए नाले में गिरी एक महिला की जान बचा ली। समय रहते पुलिस जवानों ने महिला को सुरक्षित बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया गया। घटना स्टेशन रोड थाना क्षेत्र के अंडर ब्रिज के पास की है।

जानकारी के अनुसार नेहा नामक महिला किसी काम से बाजार जा रही थी। इसी दौरान अंडर ब्रिज के पास उसका पैर फिसल गया और वह नाले में जा गिरी। महिला को नाले में गिरता देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पायलट अनिल कुमार और कांस्टेबल शिवम यादव ने बिना देर किए नाले में उतरकर महिला को सुरक्षित बाहर निकाला।

इसके बाद उसे तत्काल मुरैना जिला अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में डायल-112 के स्टाफ ने पहले महिला को साफ पानी से नहलाया, फिर डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई और सूझबूझ से महिला की जान बच गई। इस सराहनीय कार्य की स्थानीय लोगों ने जमकर प्रशंसा करते हुए डायल-112 टीम को मानवता की मिसाल बताया।

