जलभराव पर भड़कीं महापौर, कमिश्नर से बोलीं—”अपने हिसाब से काम करना है तो लिखकर दे दीजिए!”

मुरैना में मंगलवार सुबह हुई बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव की स्थिति बन गई। हालात का जायजा लेने निकलीं महापौर शारदा सोलंकी ने एमएस रोड पर संग्रहालय से लेकर बिजली घर तक सड़कों पर भरा पानी देखा और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई।

मौके पर मौजूद नगर निगम कमिश्नर से महापौर ने सवाल किया कि बारिश से पहले नालों की समुचित सफाई क्यों नहीं कराई गई, जिससे शहर की सड़कों पर पानी भर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान कमिश्नर ने कहा कि, “मैं अपने हिसाब से काम करूंगा।”कमिश्नर की यह बात सुनते ही महापौर ने कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “अगर आपको अपने हिसाब से काम करना है तो मुझे लिखकर दे दीजिए।” इसके बाद माहौल कुछ देर तक गर्म रहा। बताया जा रहा है कि महापौर के तीखे तेवरों के बीच कमिश्नर अपनी गाड़ी में बैठकर वहां से रवाना हो गए।

बारिश के बाद जलभराव को लेकर महापौर और नगर निगम कमिश्नर के बीच हुई यह तीखी नोकझोंक अब पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है। वहीं, नागरिकों का कहना है कि हर बारिश में जलभराव की समस्या सामने आती है और स्थायी समाधान की आवश्यकता है।

error: Content is protected !!