तेज धूप और उमस में बिगड़ी तबीयत, तहसीलदार ने अस्पताल पहुंचकर लिया हालचाल
मुरैना। जिले के अम्बाह में खाद की किल्लत किसानों और आम लोगों के लिए बड़ी परेशानी बनती जा रही है। खाद लेने के लिए घंटों से लाइन में खड़ी एक महिला तेज धूप और उमस के कारण बेहोश होकर गिर पड़ी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल महिला को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, घटना अम्बाह वेयरहाउस की है, जहां सुबह से ही खाद वितरण के लिए लंबी कतार लगी हुई थी। वार्ड क्रमांक 17 निवासी सुनीता देवी (45 वर्ष) करीब ढाई घंटे से अपनी बारी का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ीं।

महिला के गिरते ही मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बिना देर किए उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज किया जा रहा है।

घटना की जानकारी मिलने पर तहसीलदार भी अस्पताल पहुंचे और महिला का हालचाल जाना। खबर लिखे जाने तक महिला का उपचार जारी था। इस घटना ने एक बार फिर खाद वितरण व्यवस्था में अव्यवस्था और भीषण गर्मी के बीच लंबी लाइनों में खड़े लोगों की परेशानी को उजागर कर दिया है।