मुरैना में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: घी, पनीर, दूध, पेठा समेत 8 खाद्य नमूने जांच के लिए भेजे

मुरैना। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश के निर्देश तथा कलेक्टर के आदेश पर जिले में दूध एवं दुग्ध उत्पादों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में 29 जुलाई 2026 को खाद्य सुरक्षा अधिकारी अवनीश गुप्ता ने मुरैना शहर और अम्बाह बाईपास क्षेत्र में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए।

कार्रवाई के दौरान जय मां दुर्गे दुग्ध डेयरी से घी, यादव दुग्ध डेयरी से पनीर, गुरु कृपा किराना स्टोर से पतंजलि गाय का घी, पारस देसी घी एवं स्ट्रॉबेरी शरबत के नमूने लिए गए। वहीं VRS Foods Limited Chilling Centre से मिल्क टैंकर और सायलो से मिश्रित दूध के दो नमूने तथा श्री बालाजी पेठा भंडार से पेठा का नमूना जांच के लिए संग्रहित किया गया।

सभी नमूनों को मानक गुणवत्ता की जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी नमूने में मिलावट या मानक के अनुरूप कमी पाई जाती है तो खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान विभाग की चलित खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला और मैजिक बॉक्स की सहायता से दूध के नमूनों की मौके पर ही प्राथमिक जांच भी की गई। साथ ही दूध विक्रेताओं को मिलावट की पहचान करने के सरल तरीके बताए गए तथा जागरूकता पंपलेट वितरित कर शुद्ध खाद्य पदार्थों के विक्रय के लिए प्रेरित किया गया।

error: Content is protected !!