न्यायमूर्ति राजेश गुप्ता की मौजूदगी में नई कार्यकारिणी ने ली शपथ, समाज सेवा और जनकल्याण के लिए किया समर्पण का संकल्प
मुरैना। रोटरी वर्ष 2026-27 के लिए रोटरी क्लब मुरैना का भव्य पदस्थापना समारोह शनिवार को गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति राजेश गुप्ता रहे, जबकि रोटरी डिस्ट्रिक्ट 3053 के प्रांतपाल सीए बृजमोहन अग्रवाल ने पदस्थापन अधिकारी के रूप में नई कार्यकारिणी को शपथ दिलाई।

समारोह में रोटरी क्लब मुरैना के नव निर्वाचित अध्यक्ष तरुण शर्मा, सचिव गौरव मोदी और कोषाध्यक्ष चंचल मंगल सहित पूरी कार्यकारिणी एवं निदेशक मंडल ने पद एवं गोपनीयता की शपथ लेकर समाज सेवा के लिए समर्पित रहने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की सबसे बड़ी उपलब्धि “रोटरी क्लब ऑफ मुरैना मैत्री” का विधिवत शुभारंभ रहा। नवगठित क्लब की अध्यक्ष पूजा मोदी, सचिव एकता गोयल और कोषाध्यक्ष स्वाति मंगल सहित सभी पदाधिकारियों ने भी शपथ ग्रहण कर सेवा, मैत्री और मानवीय मूल्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति राजेश गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि रोटरी जैसी सेवा संस्थाएं समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े रोटरी के कार्यों की सराहना करते हुए निष्काम भाव से समाज सेवा करने का आह्वान किया।प्रांतपाल सीए बृजमोहन अग्रवाल ने रोटरी के अंतरराष्ट्रीय संदेश “Create Lasting Impact” को आत्मसात कर अधिक से अधिक सेवा परियोजनाएं संचालित करने पर जोर दिया। वहीं पूर्व प्रांतपाल राहुल श्रीवास्तव ने दोनों क्लबों को शुभकामनाएं देते हुए सेवा, नेतृत्व और सदस्यता विस्तार पर अपने विचार साझा किए।

समारोह का प्रभावी संचालन रोटेरियन रवि गुप्ता ने मास्टर ऑफ सेरेमनी (MOC) के रूप में किया, जबकि गौरव जैन ने समन्वय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम में रोटरी परिवार के वरिष्ठ सदस्य, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में रोटेरियन्स उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने दोनों क्लबों की नई टीमों को शुभकामनाएं देते हुए जनसेवा और समाजहित के कार्यों में निरंतर अग्रणी भूमिका निभाने की कामना की।