स्कूल में सीएम का आत्मीय अंदाज, छात्राओं से किया संवाद और दुलार

इंदौर/ मध्यप्रदेश के स्कूलों में बुधवार को प्रवेशोत्सव कार्यक्रम के दूसरे चरण की रौनक देखने को मिली। नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत के बीच स्कूलों में बच्चों की चहल-पहल बढ़ गई। इसी क्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इंदौर स्थित शासकीय शारदा कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने छात्राओं से आत्मीय संवाद किया और शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया।मुख्यमंत्री के अचानक स्कूल पहुंचने पर छात्राएं उत्साहित और आश्चर्यचकित नजर आईं। सीएम ने कक्षाओं और प्रयोगशालाओं का निरीक्षण किया तथा विज्ञान से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से बातचीत की, उनके सवाल सुने और जवाब भी दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत उत्साहपूर्ण माहौल में हुई है। उन्होंने बताया कि बीते तीन वर्षों में प्राथमिक शिक्षा स्तर पर ड्रॉपआउट दर को शून्य करने में सफलता मिली है, जो प्रदेश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने यह भी कहा कि मध्यप्रदेश राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रभावी क्रियान्वयन में अग्रणी राज्यों में शामिल है।

सीएम का आत्मीय अंदाज बना आकर्षण का केंद्र

मुख्यमंत्री डॉ. यादव का छात्राओं के प्रति अपनापन पूरे कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा। उन्होंने कई छात्राओं से संवाद किया, उनके सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया और पढ़ाई के प्रति प्रोत्साहित किया। छात्राओं ने भी मुख्यमंत्री से प्रश्न पूछे, जिनका उन्होंने सहजता से उत्तर दिया। लैब निरीक्षण के दौरान छात्राओं ने उन्हें विज्ञान से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी, जिसे मुख्यमंत्री ने ध्यानपूर्वक समझा और सराहा।

नामांकन में उल्लेखनीय वृद्धि

प्रवेशोत्सव कार्यक्रम का पहला चरण 1 से 4 अप्रैल तक आयोजित किया गया था। उस दौरान भी मुख्यमंत्री ने स्कूल शिक्षा विभाग की पहल की सराहना की थी। राज्य सरकार ने कक्षा 1, 6 और 9 में प्रवेश प्रक्रिया को सरल बनाकर नामांकन बढ़ाने की दिशा में कदम उठाए हैं। वर्ष 2025-26 में अब तक नामांकन में 19.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जबकि शासकीय विद्यालयों में 32.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई है। सरकार ने इस सत्र में 1 करोड़ 45 लाख नामांकन का लक्ष्य तय किया है। इसके साथ ही प्रदेश में 369 सांदीपनि विद्यालयों का संचालन भी किया जा रहा है।

error: Content is protected !!