कट्टे की नोक पर लूट, सास-दामाद से सोने के जेवर और बैग लेकर फरार हुए 3 बदमाश

मुरैना। नेशनल हाईवे पर दिन-दहाड़े कट्टे की नोक पर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। पहाड़गढ़ थाना क्षेत्र के मरा गांव के जंगल इलाके में बाइक सवार तीन हथियारबंद बदमाशों ने स्कूटी सवार सास-दामाद को निशाना बनाते हुए सोने के जेवर और बैग लूट लिया। घटना के बाद पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर दी है और बदमाशों की तलाश में तीन विशेष टीमें लगाई गई हैं।जानकारी के अनुसार, जौरा थाना क्षेत्र के झाले का पुरा गांव निवासी सूरज शर्मा अपनी सास कुमकुम शर्मा को लेकर बुधवार शाम करीब 4 बजे स्कूटी से शिवपुरी जिले के खजूरी गांव स्थित ससुराल की ओर रवाना हुए थे। शाम करीब 6 बजे जब वे पहाड़गढ़ थाना क्षेत्र के मरा गांव के जंगल से गुजर रहे थे, तभी काले रंग की बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उनकी स्कूटी के आगे बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया। पीड़ित के अनुसार, एक बदमाश ने उनकी कनपटी पर कट्टा तान दिया, जबकि दूसरे बदमाश ने उनका पिट्ठू बैग छीन लिया। इसी दौरान बदमाशों ने कुमकुम शर्मा के गले से सोने की चेन, मंगलसूत्र और कानों की बालियां भी लूट लीं। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी बाइक से फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गोवर्धन चौराहे से ही पीछा कर रहे थे बदमाश

पुलिस पूछताछ में सूरज शर्मा ने बताया कि शिवपुरी के गोवर्धन चौराहे से ही बाइक सवार तीन युवक उनका पीछा कर रहे थे। वे कभी आगे निकल जाते तो कभी पीछे चलने लगते। मरा गांव के जंगल क्षेत्र में पहुंचते ही उन्होंने लूट की वारदात को अंजाम दे दिया।

सीसीटीवी और साइबर सेल की मदद से तलाश

एसडीओपी कैलारस उमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि मरा गांव के जंगल क्षेत्र में तीन अज्ञात बदमाशों द्वारा लूट की वारदात की गई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी शिवपुरी से ही पीड़ितों का पीछा कर रहे थे। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए तीन टीमें गठित की गई हैं। पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, वहीं साइबर सेल की मदद से टावर लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

error: Content is protected !!