मंदिर में पहले कांवड़ चढ़ाने को लेकर बवाल, दो गांवों के कांवड़ियों में मारपीट

मुरैना/ सबलगढ़। सावन के महीने में भगवान भोलेनाथ को कांवड़ चढ़ाने को लेकर मुरैना जिले के सबलगढ़ क्षेत्र में विवाद हो गया। रामपुर थाना क्षेत्र के टहलाई गांव स्थित भोले बाबा मंदिर में पहले कांवड़ चढ़ाने की बात को लेकर रुनघान और निटाये गांव के कांवड़ियों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में जमकर मारपीट शुरू हो गई।बताया जा रहा है कि कांवड़ चढ़ाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले बहस हुई। इसी दौरान एक कांवड़ खराब हो गई, जिसके बाद विवाद और बढ़ गया। दोनों गुटों के लोगों ने एक-दूसरे के साथ मारपीट की। घटना में करीब आधा दर्जन लोगों के घायल होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, घायलों की संख्या और उनकी पहचान की पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

मंदिर परिसर में हुआ विवाद, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने मारपीट का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में मंदिर परिसर में कुछ लोग आपस में मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद इलाके में घटना की चर्चा तेज हो गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

विवाद की सूचना मिलते ही रामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही दोनों पक्षों के लोग वहां से जा चुके थे। इसके बाद ग्रामीणों ने दोनों पक्षों के बीच बीच-बचाव कराया और मंदिर परिसर में ही आपसी समझौता करा दिया।

थाने में नहीं हुई शिकायत

रामपुर थाना प्रभारी रामकुमार वर्मा के अनुसार, सुबह टहलाई भोले बाबा मंदिर पर पहले कांवड़ चढ़ाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद होने की सूचना मिली थी। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी लोग वहां से जा चुके थे।थाना प्रभारी के मुताबिक, अभी तक किसी भी पक्ष ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस को फिलहाल यह भी स्पष्ट जानकारी नहीं है कि विवाद में कितने लोग शामिल थे और कितने लोगों को चोटें आई हैं। ग्रामीणों ने दोनों पक्षों के बीच मंदिर पर ही समझौता करा दिया था।पुलिस का कहना है कि यदि किसी पक्ष की ओर से शिकायत प्राप्त होती है तो मामले की जांच कर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

error: Content is protected !!